08 Aug 2026
सुलतानपुर, 08 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के घरवासपुर गांव में खेत में लगी झटका मशीन के तार की चपेट में आने से एक चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार के अनुसार घरवासपुर निवासी किसान मुरारी पांडेय के खेत में कुछ दूरी पर एक झटका मशीन लगी हुई थी। शनिवार को दोपहर लगभग 11:30 बजे इमरान की चार वर्षीय बेटी साजिया घर के पास खेलते-खेलते खेत की तरफ पहुंच गई। खेलते हुए साजिया अचानक झटका मशीन की तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन तुरंत साजिया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साजिया तीन बहनों में दूसरी थी। परिवार ने पहले भी अपनी एक बेटी खो दी थी, और अब उनकी केवल डेढ़ साल की एक छोटी बेटी बची है। साजिया के पिता इमरान मुंबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।
कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पंचनामा किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।