09 Aug 2026
औरैया, 09 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना तहसील क्षेत्र के बेला और आसपास के गांवों में पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। नदी का पानी खेतों के साथ गांव के आसपास तक पहुंचने लगा है। जलस्तर बढ़ने की सूचना पर प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
शनिवार देर रात बिधूना उपजिलाधिकारी कमल कुमार सिंह प्रशासनिक टीम के साथ बेला क्षेत्र के प्रभावित गांवों में पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पांडु नदी के बढ़ते जलस्तर और पानी के फैलाव का जायजा लिया। एसडीएम ने ग्रामीणों से भी स्थिति की जानकारी ली और उन्हें आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पानी के बहाव में बाधा बन रहे स्थानों को चिह्नित कर पोकलैंड मशीन और अन्य उपकरणों की मदद से साफ-सफाई का कार्य कराया गया। इससे पानी के निकास में सहूलियत मिलने की उम्मीद है और ग्रामीणों को भी राहत मिली है।
उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन की टीम क्षेत्र में स्थिति पर नजर बनाए हुए।