09 Aug 2026
प्रतापगढ़, 09 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले मेंमहुली मोहल्ले में जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की घटना के बाद राजनीतिक नेताओं का पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला जारी है। रविवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल महुली पहुंचे । दाेनाें नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रमोद श्रीवास्तव समेत छह मृतकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। भाजपा से पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता भी पहुंचे।
अजय राय ने हादसे वाली जगह का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली । इसके बाद उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनके दुख-दर्द को सुना। परिवार के सदस्यों ने हादसे से पहले मकान की जर्जर हालत और घटना के बाद सामने आई परेशानियों के बारे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को जानकारी दी । अजय राय ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल ने भी हादसे में परिवार के इकलौते बचे अमन श्रीवास्तव से मुलाकात की और घटना पर गहरा दुख जताते हुए उसे ढांढस बंधाया।