09 Aug 2026
- कहा, भारत की उद्यमशीलता, व्यापार, आत्मनिर्भरता और वैश्विक क्षमता का भव्य प्रदर्शन
नई दिल्ली, 09 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने रविवार को भारत मंडपम में भारतीय व्यापार महोत्सव का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि 'मेड इन इंडिया, मेड फॉर इंडिया, मेड फॉर वर्ल्ड' की भावना का जीवंत प्रदर्शन होगा। भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक होने वाले इस महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।
खंडेलवाल ने रविवार को भारत मंडपम में भूमि पूजन के बाद महोत्सव की औपचारिक तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि भारत की व्यापारिक शक्ति, उद्यमशीलता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को एक भव्य मंच प्रदान करने वाले इस महोत्सव का संयुक्त आयोजन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ ) कर रहा है। खंडेलवाल ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के भारतीय उत्पादों, पारंपरिक शिल्प,आधुनिक विनिर्माण, सूक्ष्म ,लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई), स्टार्टअप्स और ब्रांड्स के विशाल प्रदर्शन के साथ बीवीएम 2026 में कुछ ऐसे विशेष थीम पवेलियन होंगे, जो इसे सामान्य व्यापार मेलों से अलग पहचान देंगे।
खंडेलवाल ने बताया कि विभिन्न देशों के साथ किए गए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (एफटीए) पर आधारित विशेष पवेलियन व्यापारियों और उद्यमियों को यह बताएगा कि बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारतीय उत्पादों के लिए नए बाजार और निर्यात के अवसर कहां हैं। यह पवेलियन विशेष रूप से 'लोकल टू ग्लोबल' के संकल्प को जमीन पर उतारने का माध्यम बनेगा। कैट महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों की भारत की विकास यात्रा, आर्थिक परिवर्तन, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, स्टार्टअप इकोसिस्टम, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा तथा राष्ट्रीय गौरव से जुड़ी प्रमुख उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
कैट महामंत्री ने कहा कि दिव्यांग उद्यमियों और प्रतिभाशाली व्यक्तियों के उत्पादों एवं उद्यमों के लिए विशेष एबिलिटी एक्सपो आयोजित किया जाएगा। इसका संदेश स्पष्ट होगा जिसमें, क्षमता किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती, अवसर मिले तो प्रतिभा अपनी पहचान स्वयं बनाती है। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों, महिला उद्यम, कारीगरों और नवाचार करने वाली महिलाओं को विशेष मंच देते हुए 'नारी वंदन पैविलियन' महिला शक्ति को आर्थिक सशक्तिकरण से जोड़ने का अनूठा प्रयास होगा।
खंडेलवाल ने कहा कि युवा उद्यमियों, स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स और नए बिज़नेस आइडियाज़ को प्रोत्साहित करने के लिए 'स्टार्ट हब पैविलियन' विशेष आकर्षण होगा। इसका उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला और नए व्यवसाय खड़े करने वाला भारत बनाने की दिशा में प्रेरित करना है। कैट महामंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए उत्पादों के माध्यम से महोत्सव में भारत की विविधता, स्थानीय उत्पादन और क्षेत्रीय विशिष्टताओं का जीवंत प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को बाजार और व्यापार के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाला यह क्षेत्र भारतीय उपभोक्ताओं को देश के अलग-अलग हिस्सों के उत्पादों से जोड़ने का अवसर देगा।
खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार की यात्रा केवल पारंपरिक कारोबार तक सीमित नहीं है। बीवीएम में आधुनिक तकनीक, डिजिटल कॉमर्स, एआई, फिनटेक, लोजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स और नए-ऐज बिज़नेस सॉल्यूशंस को भी प्रमुखता दी जाएगी, ताकि भारतीय व्यापारी और एमएसएमई भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि बीवीएम में व्यापारियों, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरर्स, एक्सपोर्टर्स, डिस्ट्रिब्यूटर्स, रिटेलर्स, स्टार्टअप्स, इन्वेस्टर्स, अंतरराष्ट्रीय बिजनेस डेलिगेट्स और आम उपभोक्ताओं को एक ही मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यापारिक संपर्क, नए बाजार, नए साझेदार और नए अवसर पैदा करना है।
खंडेलवाल ने कहा कि यह महोत्सव देश के करोड़ों व्यापारियों, कारीगरों, एमएसएमई, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को यह संदेश देगा कि भारत केवल दुनिया के लिए बाजार नहीं, बल्कि दुनिया के लिए उत्पाद, सेवाएं, इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप देने वाला वैश्विक आर्थिक केंद्र बन सकता है। भारतीय व्यापार महोत्सव इस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत की व्यापारिक शक्ति, आर्थिक आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। यह पवेलियन 'विकसित भारत की यात्रा' से 'विकसित भारत के संकल्प' तक की कहानी प्रस्तुत करेगा।