09 Aug 2026
-फाफामऊ में हत्या समेत कई मामलों में था वांछित
प्रयागराज, 09 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने रविवार को एक लाख रुपये के इनामी आरोपित को फाफामऊ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मूल रूप से प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के बैहराना गांव निवासी सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे पुत्र श्यामलाल भारतीया वर्तमान में फाफामऊ थाना क्षेत्र के रंगपूरा गांव में रहता है। इसके खिलाफ फाफामऊ थाना एवं जीआरपी प्रयागराज थाने में लूट, छिनैती, चोरी,हत्या जैसे कुल दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर का भी मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि टीम को पिछले कई दिनों से वांछित और इनामी अपराधियों के संबंध में सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर टीम ने कार्रवाई करते हुए रविवार को फाफामऊ थाना क्षेत्र में जय गुरुदेव आश्रम से करीब 50 मीटर आगे कछार की ओर से सुनील कुमार भारतीय उर्फ गुंगे को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वर्ष 2019 से वह अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। उसके खिलाफ प्रयागराज के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में फाफामऊ क्षेत्र में उसके और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज किया गया था।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को फाफामऊ थाने में दाखिल कर दिया गया है। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।