10 Aug 2026
काठमांडू, 10 अगस्त (एजेंसी)। नेपाल में भारी बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में भूस्खलन होने के साथ सड़क अवरुद्ध हो गई हैं। इस वजह से प्रमुख राजमार्गों और सड़क खंडों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
पुलिस के अनुसार, आज सुबह ९ बजे तक काभ्रेपलाञ्चोक, सिन्धुपाल्चोक, इलाम, रसुवा, पश्चिम रुकुम और लमजुंग में भूस्खलन, मलबा गिरने, नदी के कटाव और मलबे के कारण सड़कें प्रभावित हुई हैं।
काभ्रेपलाञ्चोक में आज सुबह भूस्खलन के बाद बीपी राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। बाढ़ के जोखिम को कम करने के लिए राजमार्ग पर शाम ५ बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। इस दौरान केवल दिन में यातायात की अनुमति दी जा रही है।
इलाम नगरपालिका में मलबा गिरने के कारण मेची राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। अधिकारियों ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। सिन्धुपाल्चोक जिले में अरनिको राजमार्ग के कई हिस्से भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हैं, जिससे कई नगरपालिकाओं में यातायात प्रभावित हुआ है। रसुवा जिले में नदी के कटाव के कारण त्रिशूली–मेलुङ–स्याब्रुबेंसी सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।
पश्चिम रुकुम जिले में भूस्खलन के कारण भेरी कॉरिडोर के जाजरकोट–डोल्पा खंड पर यातायात बाधित है, जबकि लमजुंग में मध्यपहाड़ी राजमार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। प्रभावित सड़क खंडों से मलबा हटाने और यातायात सुचारु करने के लिए संबंधित निकाय काम कर रहे हैं। कई क्षेत्रों में बारिश जारी रहने के कारण भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बना हुआ है।