10 Aug 2026
किशनगंज, 10 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। कोचाधामन प्रखंड की मजगामा पंचायत अंतर्गत परियालपुर गांव में सोमवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान किशनगंज शहर के पुराना खगड़ा, वार्ड नंबर 20 निवासी महरुमा खातून के रूप में हुई है।
ससुराल में महिला के अचेत अवस्था में मिलने की सूचना पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पति मो. अहसान समेत ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही महरुमा को ससुराल में कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता था।मृतका की बहन और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सफी अहमद ने बताया कि पिछले एक-दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। अवैध संबंध और दहेज की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी एक-दो बार पंचायती हुई थी। इस दौरान पति द्वारा अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगने की बात भी सामने आई थी।
बताया गया कि सोमवार तड़के पड़ोसियों के माध्यम से मायके वालों को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिजन परियालपुर पहुंचे, जहां महरुमा अचेत अवस्था में पड़ी मिली। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कोचाधामन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोचाधामन थानाध्यक्ष मो. इजहार आलम ने बताया कि परिजनों के लिखित बयान के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक कमरूल होदा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता की आवश्यकता बताते हुए जिला प्रशासन से मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
विधायक ने दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग भी की।