10 Aug 2026
इटावा, 10 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस लाइन में बने सर्जरी आवास में एक महिला सिपाही प्रियंका ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक महिला सिपाही के परिजनों ने उसके पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक महिला सिपाही के पति रजत ने बताया कि उसने तीन वर्ष पहले प्रियंका से प्रेम विवाह किया था। दोनों ही सहारनपुर के रहने वाले है। प्रियंका की पुलिस में नौकरी 2019 में लगी थी। रविवार की शाम को प्रियंका ड्यूटी से वापस आई थी, लेकिन पता नहीं क्यों उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। प्रियंका की तबियत बिगड़ी ताे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के लिए रेफर कर दिया गया। सैफई पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि प्रियंका ने उनकी मर्जी के खिलाफ रजत से शादी की थी। रजत कोई काम नहीं करता था और प्रियंका की तनख्वाह पर जिंदा था। पैसों के लिए आए दिन दाेनाें में झगड़ा होता था। उन्होंने रजत पर प्रियंका को जहर खिलाकर मारने का आरोप लगाया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस लाइन में आवास में महिला सिपाही प्रियंका ने जहर खाकर आत्महत्या की है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।