11 Aug 2026
नई दिल्ली, 11 अगस्त (एजेंसी)। उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े ट्रिब्यूनल के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब उनकी समीक्षा जरुरी है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि अगर इसी रफ्तार से अपीलों की सुनवाई चलती रही हो सुनवाई पूरी होने में अगला चुनाव आ जाएगा। मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त को होगी।
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि सिर्फ अपील दाखिल होना काफी नहीं है, निपटारे की संख्या भी मायने रखती है।
याचिका कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने दायर की है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने कहा कि मामलों के निपटारे की रफ्तार पर भी ध्यान देने की जरुरत है। उन्होंने दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि उनकी अपील अभी भी लंबित है, जिसकी वजह से उन्हें राशन प्रणाली के तहत मिलने वाला राशन नहीं मिल पा रहा है।
इस पर जस्टिस बागची ने कहा कि क्या राज्य सरकार वोटर लिस्ट से नाम हटने के आधार पर राशन देने से मना कर सकती है। यह एक अलग मुद्दा है और इसे उच्च न्यायालय के पास भेजा जाएगा। कोर्ट ने कहा कि वह ट्रिब्यूनल के नतीजों पर भी नजर रखेगा।
याचिका में कहा गया है कि दूरदराज के इलाको में बुनियादी ढांचा इतना कमजोर है कि वहां के लोगों के लिए सुनवाई में शामिल होने के लिए कोलकाता तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है। तब कोर्ट ने निर्वाचन आयोग को निर्देश दिया कि वो इस बात का पूरा ब्यौरा पेश करे कि अब तक ट्रिब्यूनल में कितने मामले आए।