12 Aug 2026
भुवनेश्वर, 12 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। कोयला और फ्लाई ऐश के परिवहन से उत्पन्न समस्याओं के स्थायी समाधान तथा कोशल पंचायत के पांच निवासियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को अनुगोल जिले में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया। बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा ।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कोयला और फ्लाई ऐश के लगातार परिवहन के कारण जिले में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदूषण के खिलाफ आवाज उठाने वाले कोशल के पांच लोगों को करीब चार महीने से जेल में रखा गया है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की।
बंद को विभिन्न संगठनों का भी समर्थन मिला। इसके चलते स्कूल, कॉलेज, सरकारी कार्यालय, निजी प्रतिष्ठान, दुकानें और बाजार बंद रहे। जिले के कई हिस्सों में वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न चौक-चौराहों पर पिकेटिंग की और लोगों से बंद को समर्थन देने की अपील की। हालांकि, आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रदर्शनकारियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। अनुगोल के अलावा आठमलिक में भी बंद का असर देखने को मिला, जहां स्थानीय कांग्रेस इकाई ने आंदोलन का समर्थन किया।