12 Aug 2026
पलामू, 12 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के मामले में पलामू जिले के पाटन थाने में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पाटन प्रखंड अध्यक्ष उमा शंकर सिंह और सचिव रंजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने विजय विश्वकर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्यभर में छात्रों का आंदोलन जारी है। इसी बीच फेसबुक के एक पेज पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी पोस्ट की गई। पोस्ट सामने आने के बाद झामुमो नेताओं ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की प्रकृति, उसके स्रोत और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।