14 Aug 2026
जबलपुर, 14 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर स्थित रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी जलाशय के जल स्तर को नियंत्रित करने बांध के जल द्वार कभी भी खोले जा सकते हैं। कार्यपालन यंत्री बरगी बांध राजेश सिंह के अनुसार आज शुक्रवार 14 अगस्त की सुबह 8 बजे बरगी बांध का जल स्तर 420.15 मीटर आंका गया। वर्तमान में बांध की जल उपयोगी क्षमता 2492 एमसीएम (78.36%) है।
वर्तमान में बांध मे पानी की आवक 760 क्यूमेक है। जल भराव क्षेत्र में मौसम विभाग के पूर्वानुमान एवं वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए, आगामी 24 घंटे के अंतराल में बांध से लगभग 1000 क्यूमेक जल की निकासी की जा सकती है।
बांध के जल द्वार खोलने के पूर्व वायरलेस मैसेज एवं व्हाट्सएप्प ग्रुप में मैसेज के माध्यम से सूचित किया जाएगा। जिससे माँ नर्मदा के घाटों पर 3 से 4 फुट पानी की बढ़ोत्तरी होगी। बांध में पानी की आवक के अनुसार जल की निकासी को कभी भी घटाया अथवा बढ़ाया जा सकता है। कार्यपालन यंत्री ने सर्वसाधारण से माँ नर्मदा के घाटों एवं तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है।