14 Aug 2026
वेल्लोर (तमिलनाडु), 14 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। वेल्लोर जिले के गुडियाथम तालुक थाने की एक महिला हेड कांस्टेबल की गुरुवार रात हत्या कर दी गई। महिला कांस्टेबल थामरैसेल्वी को गुडियाथम-पेरनामबुट सड़क पर नेल्लूरपेट झील के किनारे वाले रास्ते पर ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय कथित तौर पर उसके पति अरविंद ने चाकू घोंपा। वह दोपहिया वाहन पर थीं।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद अरविंद ने भी खुद को चाकू मार लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हेड कांस्टेबल एर्थांगल इलाके में रहती थीं।
बताया गया है कि अरविंद ने थामरैसेल्वी का अचानक रास्ता रोक लिया। बातचीत करने से पहले छुपा कर रखे चाकू को निकालकर थामरैसेल्वी पर कई वार कर दिए। थामरैसेल्वी खून से लथपथ होकर गिर गईं।
स्थानीय लोगों और साथियों ने उन्हें तुरंत गुडियाथम के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि थामरैसेल्वी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। अरविंद को भी फिलहाल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अरविंद ने अब तक पुलिस पूछताछ में कोई जवाब नहीं दिया है।
इस कारण इस हत्या की सही वजह सामने नहीं आ पाई है। क्या हत्या पारिवारिक विवाद के कारण हुई या इसके पीछे कोई और वजह है? वेल्लोर जिला पुलिस अधिकारी इन सभी कोणों से जांच कर रहे हैं।