14 Aug 2026
कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से रिलीज को लेकर सुर्खियों में रही इस फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने हरी झंडी दे दी है। फिल्म को 'ए' सर्टिफिकेट के साथ पास किया। इसका मतलब है कि फिल्म को केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे। प्रमाणन के साथ फिल्म की अवधि भी सामने आ गई है।
सीबीएफसी के प्रमाणपत्र के अनुसार, गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी 'टॉक्सिक' की प्रमाणित लंबाई 194.12 मिनट है, यानी फिल्म करीब 3 घंटे 14 मिनट 12 सेकंड लंबी होगी। फिल्म की भाषा कन्नड़ बताई गई है। 'टॉक्सिक' को लेकर यश के प्रशंसकों के बीच लंबे समय से जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म का जॉनर और इसकी लंबी अवधि इसे बड़े पर्दे पर एक भव्य सिनेमाई अनुभव बनाने की ओर इशारा करती है।
'टॉक्सिक' पहले 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की तारीख में बदलाव का एक कारण रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' से संभावित टकराव से बचना भी माना गया था। जून में भी फिल्म रिलीज नहीं हो सकी और अब निर्माताओं ने इसकी नई तारीख 26 अगस्त 2026 तय की है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। सीबीएफसी से प्रमाणन मिलने के बाद अब फिल्म की रिलीज को लेकर बनी अनिश्चितता खत्म हो गई है।