15 Aug 2026
डार्विन, 15 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन के खेल के दौरान 300 विकेट पूरे कर इतिहास रच दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में 300 विकेट का आंकड़ा छूने वाले नौवें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए हैं।
हेजलवुड ने अपने करियर का 14वां पांच विकेट हॉल हासिल करते हुए यह उपलब्धि अपने नाम की। वह अब ऑस्ट्रेलिया के 300 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों के क्लब में नाथन लियोन, पैट कमिंस और मिशेल स्टार्क के साथ शामिल हो गए हैं।
हेजलवुड के इस मुकाम पर पहुंचने के साथ ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा टीम में अब चार ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने कम से कम 300 टेस्ट विकेट लिए हैं।
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार है जब 300 से अधिक विकेट लेने वाले चार गेंदबाज एक साथ किसी टीम के आक्रमण का हिस्सा रहे हैं।
हेजलवुड का गेंदबाजी औसत भी शानदार रहा है। ऑस्ट्रेलिया के नौ गेंदबाजों में सिर्फ ग्लेन मैक्ग्रा (21.64), पैट कमिंस (22.21) और डेनिस लिली (23.92) का औसत उनसे बेहतर है। हेजलवुड का औसत 24.02 है।
तीसरे दिन बांग्लादेश पर बरपे हेजलवुड
मैच के तीसरे दिन हेजलवुड ने लंच के बाद गिरे सभी चार विकेट अपने नाम किए और कुल छह विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने मेहदी हसन मिराज को आउट कर बांग्लादेश की निचले क्रम की जुझारू बल्लेबाजी खत्म की और इसके बाद एबादत हुसैन को आउट करते हुए अपना 300वां टेस्ट विकेट पूरा किया।
बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 426 रन पर ऑलआउट हुई और उसने ऑस्ट्रेलिया पर 228 रन की बढ़त हासिल की। मेहदी ने निचले क्रम के साथ करीब 50 ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया।
बांग्लादेश की पारी में तंजीद हसन के पहले टेस्ट शतक के अलावा कप्तान नजमुल हुसैन शांतो और मेहदी ने अर्धशतक लगाए।
इससे पहले हसन महमूद ने छह विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को 198 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई थी।
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश की पारी के दौरान पांच कैच भी छोड़े, जिससे मेहदी और निचले क्रम के बल्लेबाजों को पारी लंबी खींचने का मौका मिला। शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर बांग्लादेश ने टेस्ट में मजबूत स्थिति बना ली है।