16 Aug 2026
झांसी, 16 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बीते दिनों गल्ला व्यापारी प्रशांत गुप्ता पर लूट के इरादे से फायरिंग करने के मामले का पुलिस ने देर रात खुलासा कर दिया है। सीपरी बाजार थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने देर रात उन्नाव बालाजी रोड स्थित लकारा गांव की पुलिया के पास मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चार तमंचे, छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, एक बाइक और 785 रुपये बरामद किए हैं।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि 11 अगस्त की देर शाम भोजला मंडी स्थित अपनी गल्ला की दुकान बंद कर व्यापारी प्रशांत गुप्ता बाइक से घर जा रहे थे। ग्वालियर-कानपुर हाईवे ब्रिज के पास पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। व्यापारी को अनहोनी का अंदेशा हुआ और उन्होंने बाइक नहीं रोकी। इस पर बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली प्रशांत की कमर के नीचे लगी, जिससे वह घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने बाइक नहीं रोकी और घायल अवस्था में घर की ओर जाते रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सीपरी बाजार थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध बदमाश लकारा गांव की पुलिया के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो संदिग्ध भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर तमंचों से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से चारों घायल हो गए।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया जिले के उन्नाव बालाजी निवासी शिवम कुशवाह, प्रद्युम्न कुशवाह, सुरेंद्र कुशवाह और निवाड़ी निवासी आकाश कुशवाह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, शिवम व्यापारी प्रशांत गुप्ता के यहां पल्लेदारी करता था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी को लूटने की योजना बनाई थी। घटना के दिन शिवम व्यापारी की रेकी कर रहा था और दुकान से निकलते ही उसने साथियों को सूचना दी थी। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है।