16 Aug 2026
भागलपुर, 16 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पुलिस जिला नवगछिया के परवत्ता थाना क्षेत्र स्थित गरैया के समीप शनिवार देर रात एएच-31 पर बीती देर रात एक सड़क हादसा में दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के रहने वाले दोनों युवकों की मौत हो गई।
दोनों युवक भागलपुर जीरोमाइल की ओर से नवगछिया रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे। दुर्घटना का शिकार हुए दोनों युवक भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे पुल निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे। दोनों युवक अपना काम खत्म कर अपनी बाइक से नवगछिया रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान गरैया के समीप एक अज्ञात और अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही परवत्ता थाना की गश्ती टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी जतिन कुमार और बाबूलाल मंडल के रूप में की गई है।
परवत्ता थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है और शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया व पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि अज्ञात चार पहिया वाहन और उसके चालक का सुराग मिल सके। इसके अलावा, पुलिस यह पता लगाने के लिए एनएच-31 और आसपास के टोल और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।