15 Aug 2026
गाजियाबाद, 15 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को गाजियाबाद की सड़कों पर राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। हिंदू जागरण मंच, वैशाली एवं गाजियाबाद महानगर के तत्वावधान में आयोजित "अखंड भारत संकल्प तिरंगा यात्रा" में 250 से अधिक बाइक सवार हाथों में तिरंगा लेकर शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरे। करीब 22 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का रास्ते में 35 स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 स्थित एवरेस्ट पब्लिक स्कूल से हुआ। देशभक्ति गीतों के बीच प्रतिभागियों को भगवा पटका पहनाया गया और प्रत्येक बाइक पर तिरंगा ध्वज लगाया गया। इसके बाद जयघोषों के बीच यात्रा को रवाना किया गया। इस अवसर पर एवरेस्ट पब्लिक स्कूल के संस्थापक जय प्रकाश शर्मा ने राष्ट्र की एकता, अखंड भारत की अवधारणा और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा राष्ट्रीय ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
यात्रा जनकपुरी, वृंदावन गार्डन, राजबाग, श्याम पार्क, राजेंद्र नगर इंडस्ट्रियल एरिया, लाजपत नगर, राजेंद्र नगर सेक्टर-2, बुद्धा पार्क, श्रीराम वाटिका पार्क, दयानंद पार्क, सद्भावना मार्ग, भोपुरा, डीएलएफ, राजीव कॉलोनी, पप्पू कॉलोनी, जवाहर पार्क, दशमेश स्कूल और शिव चौक सहित अनेक क्षेत्रों से होकर गुजरी। दोपहर लगभग दो बजे यात्रा पुनः एवरेस्ट पब्लिक स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई।
इस यात्रा में 250 से अधिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भाग लिया। पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और स्थानीय नागरिकों ने 35 स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने तिरंगा लहराकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ यात्रा का अभिनंदन किया।
हिंदू जागरण मंच के संयुक्त संयोजक सुरेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करना, युवाओं में राष्ट्रीय चेतना का संचार करना तथा अखंड भारत के संकल्प के प्रति समाज को जागरूक करना था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग रहा।
यात्रा के समापन पर प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, पुलिस प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।