17 Aug 2026
इंफाल, 17 अगस्त ( इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में अलग-अलग अभियानों में विभिन्न उग्रवादी संगठनों से जुड़े तीन सक्रिय कैडरों एवं दो ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक एके-56 राइफल, गोला-बारूद और 5.8 किलोग्राम संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद की गई।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने आज बताया है कि 16 अगस्त को सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के अलग-अलग स्थानों से आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिष्णुपुर जिले के नापत अवांग लीकाई निवासी 19 वर्षीय खुमंथेम लानचेनबा मैतेई और इंफाल पश्चिम के लैंगजिंग निवासी 25 वर्षीय ग्रेटसन लोउरेम्बम उर्फ गेरे के रूप में हुई है। लानचेनबा को वांगोई थाना क्षेत्र के थियाम लीशांगखोंग और गेरे को सेकमाई थाना क्षेत्र के अवांग लेइकिनथाबी शांतिपुर से गिरफ्तार किया गया।
इससे पूर्व, जिरीबाम जिले के बोरोबेकरा थाना क्षेत्र के खोजौल और चौधरीखाल में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एके-56 राइफल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और 9 एमएम पिस्टल के तीन खाली खोखे बरामद किए।
वहीं, 16 अगस्त को सेनापति जिले में एनएच-02 के किनारे खोंगनेम थाना क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान थौबल जिले के काकचिंग बाजार स्थित सोरा मामांग लीकाई निवासी ड्रग्स तस्कर 32 वर्षीय मोहम्मद सलीमुद्दीन और इंफाल पश्चिम के वांगोई निवासी 27 वर्षीय बीएम हाफिज अनीश के रूप में हुई है। इनके कब्जे से संदिग्ध याबा टैबलेट के 13 पैकेट, जिनका वजन 5.8 किलोग्राम था, तथा एमएन01एएस-6572 नंबर की एक आई20 कार बरामद की गई।
एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने यूएनएलएफ (के) के सक्रिय कैडर, नंगोम शांता मैतेई उर्फ माइकल (45), को इंफाल पश्चिम जिले के रिम्स रोड इलाके से गिरफ्तार किया। वह इंफाल पूर्वी जिले के लाउसांगखोंग अवांग लीकाई का निवासी बताया गया है।