17 Aug 2026
नई दिल्ली, 17 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। राजधानी में 'हर घर तिरंगा–2026' अभियान के तहत सोमवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की ओर से कनॉट प्लेस में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनपथ रेडियल, इनर सर्कल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, एनडीएमसी कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में एनडीएमसी के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह, अनिल वाल्मीकि एवं सरिता तोमर, एनडीएमसी सचिव राहुल सिंह सहित परिषद के वरिष्ठ अधिकारी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
एनडीएमसी के अनुसार, 'हर घर तिरंगा–2026' अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में परिषद के विद्यालयों के छह हजार से अधिक विद्यार्थियों सहित हजारों लोगों ने भागीदारी की। प्रतिभागियों ने कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में तिरंगा हाथ में लेकर मार्च किया और देशभक्ति के नारों के बीच राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हाथों में तिरंगा लेकर चलना केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में जनभागीदारी का प्रतीक है और इसमें शामिल बच्चे एवं युवा देश की नई ऊर्जा और सामर्थ्य का प्रतिनिधित्व करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा' के आह्वान ने देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही पूरा किया जा सकता है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत मैन्युफैक्चरिंग, नवाचार, प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व करने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व नेतृत्व की दिशा में और मजबूत होकर आगे बढ़ेगा।
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि तिरंगा भारत की अस्मिता, सम्मान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में इस प्रकार के जन-अभियानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके अनुसार, जब स्कूली बच्चे, कॉलेज विद्यार्थी, कर्मचारी, अधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ तिरंगा लेकर निकलते हैं तो राष्ट्रीय एकता और नागरिक दायित्व की भावना और मजबूत होती है।
तिरंगा यात्रा कनॉट प्लेस के इनर सर्कल का पूरा चक्कर लगाने के बाद संपन्न हुई। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों से 'हर घर तिरंगा–2026' अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया गया।