19 Aug 2026
गुवाहाटी, 19 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। असम के होजाई जिले में हाथियों के झुंड के रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान डाउन राजधानी एक्सप्रेस को कुछ देर के लिए रोक दिया गया। घटना लंका रेंज के तहत हवाईपुर में हुई।
असम के वन मंत्री जयंत मल्लाबरुवा ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि हाथियों के झुंड के रेलवे ट्रैक पार करने के कारण ट्रेन को किलोमीटर संख्या 167/8 पर रोका गया।
वन विभाग के कर्मचारियों, लोको पायलट और लामडिंग रेलवे कंट्रोल रूम की सतर्कता से हाथियों का झुंड सुरक्षित रूप से ट्रैक पार कर गया। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस ने अपनी यात्रा फिर शुरू की।
मंत्री ने वन कर्मियों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विभाग के कर्मचारी हर दिन लगातार निगरानी रखते हैं। हाथियों का सुरक्षित रेलवे ट्रैक पार करना उनके सतर्क प्रयासों का एक और उदाहरण है।