19 Aug 2026
नई दिल्ली, 19 अगस्त (एजेंसी)। एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह आरोपितों को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया है। एसीबी ने सभी आरोपितों की 14 दिनों की हिरासत की मांग की है। सत्येन्द्र जैन और दूसरे आरोपितों को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।
सत्येन्द्र जैन की ओर से पेश वकील मनिंदर सिंह ने जैन की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया है। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करते समय गिरफ्तारी की वजह नहीं बताई गई जो उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।
एसीबी ने सत्येंद्र जैन के अलावा जिन आरोपितों को गिरफ्तार किया, उनमें दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, मेसर्स एएन एंटरप्राइजेज के मालिक नागेंद्र यादव, मेसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंट प्रा.लि. के मालिक राजा कुमार कुर्रा और मेसर्स सृजनहार के मालिक पंकज वर्मा शामिल हैं।
इन आरोपितों को एसीबी की उस एफआईआर के मामले में गिरफ्तार किया गया है जो 11 मई 2024 को भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धाराओं 7, 7A, 9, 13 और भारतीय दंड संहिता की धाराओं 42, 409, 418, 120-बी के तहत दर्ज की गई थी।
एसीबी का आरोप है कि टेंडर की शर्तें एक खास कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई थीं। सत्येंद्र जैन अक्टूबर 2024 में तिहाड़ जेल से मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जेल से बाहर आए थे। वे मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 872 दिन जेल में रहे थे। ईडी ने उन्हें 30 मई 2022 को गिरफ्तार किया था। 18 अक्टूबर 2024 को उन्हें ट्रायल कोर्ट ने जमानत दी थी।