19 Aug 2026
नई दिल्ली, 19 अगस्त (एजेंसी)। तहलका के पूर्व पत्रकार तरुण तेजपाल को अपने सहयोगी से दुष्कर्म के लिए दी गई दस साल की सजा को बढ़ाने की मांग करते हुए गोवा सरकार ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया है। गोवा सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तरुण तेजपाल को उम्रकैद की सजा देने की मांग की है।
गोवा सरकार ने बांबे उच्च न्यायालय की गोवा बेंच के उस फैसले को चुनौती दी है जिसमें तरुण तेजपाल को दो दोष के लिए 10-10 साल की कड़ी सजा का फैसला सुनाया है। गोवा सरकार ने कहा है कि समय बीत जाने का लाभ अपराधी को नहीं दिया जा सकता है। 06 अगस्त को बांबे उच्च न्यायालय की गोवा बेंच ने तरुण तेजपाल को बरी करने के ट्रायल कोर्ट के फैसले को निरस्त कर दिया था। उच्च न्यायालय ने तरुण तेजपाल को दस साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई है। उच्च न्यायालय ने कहा था कि घटना 13 साल पहले की है और इस दौरान तरुण तेजपाल की ओर से कोई आपराधिक कृत्य की जानकारी नहीं है।