20 Aug 2026
-तीन सोने की चेन और 10 हजार रुपये बरामद
देहरादून, 20 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने भागवत कथा और धार्मिक आयोजनों में महिलाओं की चेन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी पंजाब के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को पटेलनगर क्षेत्र के जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित भागवत कथा के दौरान चार महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र चोरी किए गए थे। पीड़ित महिलाओं की तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में चोरी के तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पीड़ितों तथा कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों का हुलिया जुटाया।
जांच में पुलिस को पंजाब के पटियाला जिले के समाना क्षेत्र के एक चर्चित चेन चोर गिरोह के घटना में शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने गिरोह के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 19 अगस्त को सूचना मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य दोबारा देहरादून पहुंचे हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने हरिद्वार बाईपास रोड पर चेकिंग अभियान चलाकर दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब के पटियाला जिले के समाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और अलग-अलग स्थानों पर रहकर वारदात करते हैं। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाली भागवत कथाओं और अन्य धार्मिक आयोजनों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद गिरोह के सदस्य, जिनमें अधिकांश महिलाएं होती थीं, आयोजन स्थल पर पहुंचकर भजन-कीर्तन के बहाने शामिल हो जाते थे।
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान गिरोह की महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चेन और अन्य आभूषण काट लेती थीं। गिरोह के अन्य सदस्य आयोजन स्थल के बाहर वाहन में उनका इंतजार करते थे और वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पीली धातु की चेन, 10 हजार रुपये नकद,एक चेन कटर और वारदात में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की है।
अजय सिंह (26), गुरुप्रीत सिंह (28), हरजिन्दर कौर उर्फ रानी (40) और पूजा कौर उर्फ लाडी (48) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पंजाब के पटियाला और बरनाला जिले के रहने वाले बताए गए हैं।