20 Aug 2026
नई दिल्ली, 20 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। तहलका के पूर्व पत्रकार तरुण तेजपाल ने अपने सहयोगी से रेप के लिए बांबे उच्च न्यायालय की गोवा बेंच से उन्हें दी गई दस साल की सजा को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है। दो दिन पहले गोवा सरकार ने उच्चतम न्यायालय में अर्जी दाखिल कर तेजपाल की सजा बढ़ाने की मांग की है।
गोवा सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तरुण तेजपाल को उम्रकैद की सजा देने की मांग की है। गोवा सरकार ने बांबे उच्च न्यायालय की गोवा बेंच के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें तरुण तेजपाल को दो अपराधों के लिए 10-10 साल की एक साथ सजा सुनाई है। गोवा सरकार ने कहा है कि समय बीत जाने का लाभ अपराधी को नहीं दिया जा सकता है।
बांबे उच्च न्यायालय की गोवा बेंच ने 6 अगस्त को तरुण तेजपाल को बरी करने के ट्रायल कोर्ट के फैसले को निरस्त कर दिया था। उच्च न्यायालय ने तरुण तेजपाल को दस साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई है। उच्च न्यायालय ने कहा था कि घटना 13 साल पहले की है और इस दौरान तरुण तेजपाल की ओर से कोई आपराधिक कृत्य की जानकारी नहीं है।