20 Aug 2026
लखनऊ, 20 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में गुरुवार को एक ही परिवार से जुड़ी तीन मौतों की हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। प्रारंभिक जांच के अनुसार एक युवक ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की, इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन की भी जान ले ली और अंत में स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त असलहा बरामद कर लिया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान मानस बाजपेयी, उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा तथा उसकी बहन के रूप में हुई है। दिव्या मिश्रा एक निजी बैंक में कार्यरत थीं और शहर की चर्चित पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं। प्रज्ञा मिश्रा ने भी अपनी बहन की हत्या की जानकारी सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा की है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने बताया कि पहली घटना गोमतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकखंड स्थित एक निजी बैंक के निकट हुई, जहां मानस बाजपेयी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मार दी। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा और वहां अपनी बहन पर भी गोली चला दी। दोनों की हत्या करने के बाद उसने स्वयं को भी गोली मार ली।
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी उस समय सामने आई, जब मानस बाजपेयी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर पत्नी की हत्या करने तथा इसके बाद बहन की हत्या कर स्वयं आत्महत्या करने जैसी बात लिखी। स्टेटस देखने के बाद परिचितों और स्थानीय लोगों को आशंका हुई। कुछ लोग उसके घर पहुंचे तो वहां गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गोमतीनगर थाना पुलिस, संयुक्त पुलिस आयुक्त समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और हत्या में प्रयुक्त हथियार को कब्जे में ले लिया।
जेसीपी बबलू कुमार ने बताया कि अब तक की जांच में प्रथमदृष्टया यही प्रतीत होता है कि मानस बाजपेयी ने पहले अपनी पत्नी, फिर अपनी बहन की हत्या की और उसके बाद स्वयं आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी परिस्थितियों, डिजिटल साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे प्रथमदृष्टया पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी किसी निश्चित कारण की पुष्टि नहीं की गई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना राजधानी के व्यस्त और पॉश इलाके गोमतीनगर में हुई है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।