21 Aug 2026
नई दिल्ली, 21 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। काकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर करके मीडिया कमेंटेटर अभिजीत अय्लीयर मित्रा, न्यूज प्लेटफार्म लीगल बीट, जयपुर डायलॉग्स, संडे गार्जियन और कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स पर उनके आवासीय पते का सार्वजनिक रूप से खुलासा करने का आरोप लगाया है। सौरव दास ने इनके खिलाफ याचिका दायर कर निजता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए दो लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है।
याचिका में कहा गया है कि प्रतिवादियों ने अपने अकाउंट से उनके आवासीय पते का खुलासा कर उनकी निजता का उल्लंघन करने की कोशिश की है। याचिका में मांग की गई है कि इन प्रतिवादियों को उनके आवासीय पते को लेकर अपलोड किए गए वीडियो और पोस्ट को हटाने का आदेश दिया जाए। सौरव दास ने कहा है कि वो ग्रेटर कैलाश वन में किराये के एक मकान में 2025 से रह रहे हैं। वहां The Pamphlet के प्रतिनिधियों ने अनधिकृत रूप से प्रवेश किया और उनके आवासीय मकान के अंदरूनी हिस्सों की वीडियो रिकॉर्डिंग की और उन्हें 5 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शेयर किया। उस वीडियो में उनके आवासीय पते का साफ खुलासा हो रहा था। उस वीडियो को बीस लाख से ज्यादा लोगों ने देखा।
याचिका में कहा गया है कि Lawbeat नामक वेबसाइट पर अभिजीत अय्यर मित्रा ने उनके पड़ोसी का नाम गलत बताया और मकान का किराया सात लाख रुपये प्रति महीना बताया। सौरव दास ने इसकी शिकायत 5 अगस्त को पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सौरव दास ने काकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में काफी अहम भूमिका निभाई थी। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था।