20 Aug 2026
नई दिल्ली, 20 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और नव सिद्धार्थ आर्ट ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में जनपथ सबवे आर्ट गैलरी में आयोजित 10 दिवसीय विशेष ‘हर घर तिरंगा 2026’ कला प्रदर्शनी एवं लाइव पेंटिंग कार्यशाला का गुरुवार को समापन हो गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य कला के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना था।
समापन समारोह में एनडीएमसी के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने प्रदर्शनी में उत्कृष्ट रचनात्मक योगदान देने वाले प्रमुख कलाकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद कहा कि प्रतिभागी कलाकारों ने अपनी रचनात्मकता, विचारों और भावनाओं को अत्यंत ईमानदारी और समर्पण के साथ अभिव्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कला व्यक्ति को आध्यात्मिकता के निकट लाने और समाज की सामूहिक चेतना को अभिव्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है। प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियों में विभिन्न दार्शनिक और आध्यात्मिक विषयों का सुंदर समावेश देखने को मिला।
द्विवेदी ने कहा कि फिलहाल यह प्रदर्शनी सीमित स्तर पर आयोजित की गई है, लेकिन भविष्य में इसे व्यापक स्वरूप देने की योजना है। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी देश और विदेश के कलाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगा। आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर परिषद ब्रिक्स देशों सहित अन्य देशों के कलाकारों की कलात्मक अभिव्यक्तियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने की संभावनाओं पर भी विचार करेगी।
उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं के विकास के साथ-साथ एनडीएमसी कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार किसी भी सभ्यता और संस्कृति की वास्तविक पहचान उसकी कला में निहित होती है, जो समाज के मूल्यों, संवेदनाओं और कल्पनाशक्ति को अभिव्यक्ति देती है।
समारोह में दिलीप चंदोलिया, दिनेश राम, सेलेंद्र सिंह, रामोनकर, रुद्र, अमित दत्त, अनिल कुमार शर्मा, पूनम यादव, प्रशांत एवी और सुरेंद्र के. मिश्रा सहित प्रमुख कलाकारों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रदर्शनी में भाग लेने वाले कलाकारों को कुल 80 प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
एनडीएमसी के निदेशक (कला एवं संस्कृति) राजेश कुमार शाह ने बताया कि समापन समारोह में कलाकारों, कला प्रेमियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। प्रदर्शनी में लगभग 80 चित्रों और 15 मूर्तियों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें भारत की राष्ट्रीय पहचान, सांस्कृतिक विरासत, एकता और तिरंगे के महत्व को विभिन्न कलात्मक रूपों में प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने बताया कि आयोजन का प्रमुख आकर्षण लाइव पेंटिंग कार्यशाला रही, जिसमें 10 प्रतिष्ठित कलाकारों ने दर्शकों के समक्ष चित्रांकन किया। कलाकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से एकता, विविधता, स्वतंत्रता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव जैसे विषयों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
एनडीएमसी के अनुसार ‘हर घर तिरंगा 2026’ कला प्रदर्शनी एवं लाइव पेंटिंग कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े मूल्यों को कला के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ना था।