22 Aug 2026
पश्चिमी सिंहभूम, 22 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर डीजल से भरा इंडियन ऑयल का टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। टैंकर से डीजल सड़क पर बहता देखकर कई ग्रामीण उसे लूटने के लिए बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर पहुंच गए। स्थिति उस समय बेहद खतरनाक हो गई, जब ज्वलनशील ईंधन के बीच बड़ी संख्या में लोग जमा होकर डीजल भरने लगे। हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग की तत्परता से समय रहते ग्रामीणों को वहां से हटाया गया और बड़ा हादसा टल गया।
घटना एनएच-75ई पर चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग में बाईहातु गांव के आगे दोपहर में हुई। खूंटी से डीजल लेकर चाईबासा से लगभग 10 किलोमीटर आगे स्थित एक पेट्रोल पंप पर जा रहा इंडियन ऑयल का टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भरा डीजल सड़क पर बहने लगा।
टैंकर चालक रवींद्र राम ने बताया कि सामने से एक बड़ा डंपर आने के बाद वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठे। इसके बाद टैंकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के कुछ ही देर बाद आसपास के ग्रामीण वहां पहुंच गए। डीजल बहता देखकर कई लोग उसे बर्तनों में भरकर ले जाने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ अग्निशमन वाहन और दो क्रेन भी पहुंचीं। पुलिस ने तत्काल ग्रामीणों को घटनास्थल से हटाया और डीजल के पास जाने से रोक दिया। आग लगने की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके में विशेष सतर्कता बरती गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क पर डीजल फैलने के बाद वहां किसी भी प्रकार की चिंगारी या आग की घटना बड़ी तबाही का कारण बन सकती थी। ग्रामीणों का इस तरह ईंधन के बीच पहुंचना बेहद जोखिम भरा था। दमकल कर्मियों की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा गया।
बड़ा गुंटिया पंचायत के मुखिया हरिचरण हेंब्रम भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को हटाने में पुलिस का सहयोग किया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ तेजी से जुट गई थी, लेकिन पुलिस के समय पर पहुंचने से स्थिति बिगड़ने से बच गई।
दो क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।