22 Aug 2026
बलरामपुर, 22 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी हाई स्कूल के पास देर रात बॉक्साइट ट्रक और पिकअप के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार 3 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने आज बताया कि हादसा बीती रात करीब 2 बजे ग्राम सेवारी हाई स्कूल के पास हुआ। पिकअप में चालक सहित 11 मजदूर सवार थे, जो प्रतापपुर क्षेत्र से शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बॉक्साइट ट्रक से पिकअप की टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद पिकअप में सवार तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे में घायल 7 मजदूरों की स्थिति गंभीर बताई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
फिलहाल मृतकों के शव अस्पताल में रखे गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।