23 Aug 2026
काठमांडू, 23 अगस्त (एजेंसी)। नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने का चीन दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। लामिछाने का 23-30 अगस्त तक चीन जाने का कार्यक्रम था।
पहले उनके सचिवालय की ओर से जानकारी दी गई थी कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में होने वाले दौरे को सितंबर के मध्य तक के लिए टाल दिया गया है, लेकिन अब फिलहाल उनका चीन भ्रमण ही रद्द हो गया है।
इससे पहले बताया गया था कि लामिछाने 23 से 30 अगस्त तक चीन दौरे पर पत्नी निकिता पौड्याल सहित पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले थे। कार्यक्रम के अनुसार बीजिंग के दौरे के बाद उनके तिब्बत स्थित कैलाश मानसरोवर जाने की भी योजना थी। सूत्रों के अनुसार चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात नहीं होने तथा नेपाल के घरेलू राजनीतिक एवं अन्य परिस्थितियों में कुछ बदलाव आने के कारण लामिछाने ने फिलहाल अपना दौरा स्थगित किया है।
नई तारीख के बारे में सवाल पूछे जाने पर सचिवालय की तरफ से बस इतना कहा गया है कि अनुकूल समय आने पर दौरा किया जाएगा। लामिछाने के करीबी एक नेता ने कहा कि यह कहना सही नहीं होगा कि दौरा पूरी तरह स्थगित हो गया है, लेकिन अब सभापति चीन कब जाएंगे, यह निश्चित नहीं है।
इस बीच, नेपाली सांसदों का एक दल सात दिवसीय चीन दौरे पर जाने वाला है। बीजिंग में आयोजित होने वाले विकासशील देशों के सांसदों के 8वें सेमिनार में भाग लेने के लिए पांच सदस्यीय दल सोमवार को चीन रवाना होगा। प्रतिनिधि सभा के आरएसपी सांसद कमल सुवेदी के नेतृत्व वाले इस दल में राष्ट्रीय सभा के सांसद झक्कु सुवेदी और किरण बाबु श्रेष्ठ, प्रतिनिधि सभा के सांसद यज्ञबहादुर बोगटी तथा संघीय संसद की उपसचिव शारदा भण्डारी शामिल हैं।