23 Aug 2026
नई दिल्ली, 23 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली जिले के संसद मार्ग थाना परिसर की दीवार पर प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर ग्रैफिटी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने झारखंड निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित की पहचान करण के तौर पर हुई है। यह मामला कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जुड़े प्रदर्शन के दौरान सामने आया था।
पुलिस ने उसके खिलाफ दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान करण ने कथित तौर पर संसद मार्ग पुलिस थाने की दीवार पर ग्रैफिटी लिखकर उसे नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की मदद से आरोपित की पहचान की गई और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, आरोपित के खिलाफ लगाई गई धाराएं जमानती होने के कारण गिरफ्तारी के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस अब मामले में उसकी भूमिका और ग्रैफिटी किए जाने के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।