23 Aug 2026
नई दिल्ली, 23 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के बहुमंजिला आवासीय परिसर अलीगंज में रविवार को आयोजित पौधारोपण अभियान में युवाओं, महिलाओं, बच्चों, स्थानीय निवासियों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों तथा एनडीएमसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित ‘#EkPedMaaKeNaam_OnSunday’ पहल के लगातार 38वें रविवार के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने किया। इस दौरान लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर चहल ने कहा कि पौधारोपण केवल शुरुआत है, असली जिम्मेदारी लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखकर उन्हें बड़ा पेड़ बनाने की है। उन्होंने कहा कि पौधों को समय पर पानी देना, उनकी सुरक्षा करना और नियमित देखभाल करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाने की संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना अधिक महत्वपूर्ण है कि वे सुरक्षित रहें और भविष्य में मजबूत पेड़ बनें। उनके अनुसार, आज लगाया गया एक स्वस्थ पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी पर्यावरणीय विरासत साबित होगा।
चहल ने अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि युवा आज से पौधों की जिम्मेदारी उठाते हैं तो भविष्य में पर्यावरण के प्रति अधिक जागरूक समाज का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भावनात्मक जुड़ाव और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम है। जिस प्रकार एक मां अपने बच्चों की देखभाल करती है, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक को लगाए गए पौधे की भी देखभाल करनी चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से "पौधा लगाएं, पौधे की रक्षा करें और पौधे को पेड़ बनाएं" का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लगातार 38 रविवारों से चल रहा यह अभियान अब केवल पौधारोपण कार्यक्रम न रहकर जनभागीदारी का व्यापक अभियान बन चुका है, जिसमें स्थानीय नागरिकों, आरडब्ल्यूए, महिलाओं, युवाओं और एनडीएमसी कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सीपेज, खिड़कियों की मरम्मत तथा अन्य सिविल रखरखाव से जुड़ी समस्याओं से भी चहल को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समयबद्ध तरीके से समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से सीधे संवाद के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनका शीघ्र समाधान करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में एनडीएमसी के सिविल, इलेक्ट्रिकल, स्वास्थ्य और हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष रविन्द्र सेंगलिया सहित अन्य पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी पौधारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अपने संबोधन के अंत में चहल ने कहा कि हर लगाए गए पौधे को सुरक्षित रखकर मजबूत पेड़ बनाना ही अभियान की वास्तविक सफलता होगी। उन्होंने कहा कि आज का छोटा-सा प्रयास आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर पर्यावरण प्रदान कर सकता है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों, आरडब्ल्यूए, युवाओं और एनडीएमसी कर्मचारियों से मिलकर नई दिल्ली को अधिक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाने का आह्वान किया।