24 Aug 2026
नई दिल्ली, 24 अगस्त (एजेंसी)। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने सरकारी आवास से बेदखल किए जाने के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। सोमवार को महुआ मोइत्रा की ओर से पेश वकील ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष मेंशन करते हुए इस याचिका पर सुनवाई की मांग की, जिसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि हम देखेंगे।
महुआ मोइत्रा ने याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में उन्हें आवंटित सरकारी आवास से स्थानीय अधिकारियों ने रात करीब 11 बजे उन्हें बेदखल कर दिया। याचिका में कहा गया है कि इस कार्रवाई में जिला मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट भी शामिल थे। महुआ मोइत्रा ने अनुच्छेद 32 के तहत याचिका दायर की है, जो नागरिकों को अपने मौलिक अधिकारों के संरक्षण और उनके उल्लंघन की स्थिति में सीधे उच्चतम न्यायालय का रुख करने का अधिकार देता है।
याचिका में कहा गया है कि उच्च न्यायालय पहले ही इस मामले में उन्हें संरक्षण वाला आदेश पारित कर चुका था, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें आवास से हटा दिया। एक महिला सांसद के साथ इस तरह की कार्रवाई गंभीर मामला है और इसकी स्वतंत्र जांच की जरूरत है।