24 Aug 2026
नई दिल्ली, 24 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए दिल्ली सरकार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली स्थित ओखला सब्जी मंडी में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर लगभग 508 किलोग्राम नकली पनीर जब्त कर नष्ट कर दिया। मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, त्योहारों के दौरान दूध और दुग्ध उत्पादों, मिठाइयों, पनीर तथा खाद्य तेलों की बढ़ती मांग को देखते हुए राजधानी भर में निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान तेज कर दिया गया है। पिछले दो दिनों में दिल्ली के विभिन्न जिलों से खाद्य पदार्थों के 22 नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले या गुणवत्ता से समझौता कर लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों, बाजारों और सप्लाई पॉइंट्स की नियमित जांच, निगरानी और सैंपलिंग के लिए पर्याप्त टीमें तैनात की गई हैं। इन टीमों को किसी भी प्रकार के नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पूरी खाद्य आपूर्ति श्रृंखला में रोकथाम आधारित निगरानी को मजबूत करना भी है, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लोगों का विश्वास बना रहे।
दिल्ली सरकार ने दोहराया है कि असुरक्षित, मिलावटी अथवा घटिया गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों, निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने संकेत दिया है कि रक्षाबंधन और अन्य त्योहारों तक राजधानी में विशेष निरीक्षण, सैंपलिंग और प्रयोगशाला आधारित जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा।