27 Aug 2026
देहरादून, 27 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड के सीमावर्ती जनपद चम्पावत में सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित खतरे के मद्देनजर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टनकपुर पोस्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है और शारदा नदी के जलस्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।
SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर टनकपुर की टीम शारदा नदी के संवेदनशील तटीय क्षेत्रों, शारदा घाट, शारदा बैराज तथा आसपास के इलाकों में लगातार गश्त कर रही है। नदी के जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव पर नजर रखने के साथ स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय भी बनाए रखा गया है।
SDRF की टीम ने शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को संभावित खतरे के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों और तटों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने निर्देश दिए हैं कि नेपाल में बनी आपदा की स्थिति को देखते हुए शारदा नदी और बैराज क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि जलस्तर में किसी भी परिवर्तन की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाए।
SDRF की टीम आवश्यक जीवनरक्षक और रेस्क्यू उपकरणों के साथ 24 घंटे पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में बिना देरी राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
इस बीच जिला प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और शारदा नदी के जलस्तर के साथ संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
SDRF ने आमजन से अपील की है कि उफनती नदियों, शारदा घाट, बैराज और तटीय क्षेत्रों के पास न जाएं। बच्चों और पशुओं को भी नदी किनारे जाने से रोकें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।