27 Aug 2026
नई दिल्ली, 27 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत @2047' के संकल्प और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप NDMC अपने स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और बेहतर शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कौशल, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी NDMC की प्राथमिकता है।
लक्ष्मीबाई नगर स्थित नवयुग स्कूल में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चहल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सम्मान, विश्वास और जिम्मेदारी का संदेश देने वाला त्योहार भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और आपसी सम्मान की भावना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इस अवसर पर स्कूल में राखी बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने हाथों से आकर्षक और रंग-बिरंगी राखियां तैयार कीं। छात्र-छात्राओं ने कुलजीत सिंह चहल को राखी बांधी, जिस पर उन्होंने उनकी रचनात्मकता और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकों और कर्मचारियों की भी प्रशंसा की।
चहल ने कहा कि बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना विकसित भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना ने विद्यार्थियों के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए कुलजीत सिंह चहल का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को उपहार भी वितरित किए, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के बाद चहल ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, भवन, रखरखाव और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान NDMC के सिविल, स्वास्थ्य और इलेक्ट्रिकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्कूल की सुविधाओं को और बेहतर बनाने, आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव के कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा बुनियादी ढांचे को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की मजबूत नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्कूलों से तैयार होती है। NDMC का प्रयास है कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे भविष्य में देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन समारोह के आयोजन पर खुशी व्यक्त करते हुए कुलजीत सिंह चहल के साथ बिताए गए समय के लिए उनका आभार जताया।