27 Aug 2026
भुवनेश्वर, 27 अगस्त (एजेंसी)। ऑस्ट्रेलिया से नेपाल घूमने पहुंचे ओडिशा के एक दंपति के भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद लापता होने की सूचना है। दोनों के संपर्क में नहीं आने से उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
खोरधा जिले के रहने वाले संदीप महापात्र और उनकी पत्नी सिद्धार्थी कुमारी साहू 22 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया से नेपाल पहुंचे थे। दोनों काठमांडू में पर्यटन के लिए गए थे। हालांकि, प्राकृतिक आपदा के बाद से उनसे किसी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दंपति वर्ष 2018 से ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है। उनके मोबाइल फोन कल से बंद बताए जा रहे हैं। उनकी आखिरी ज्ञात लोकेशन नेपाल स्थित इमिग्रेशन कार्यालय के पास दर्ज हुई है।
बाढ़ और भूस्खलन के कारण नेपाल के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और संचार व्यवस्था भी बाधित हुई है। ऐसे में लापता दंपति का पता लगाने में राहत एवं बचाव दलों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नोडल अधिकारी प्रीतिश पांडा के अनुसार, लापता दंपति की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं। अधिकारियों की टीमें मौजूदा परिस्थितियों के बीच उनकी सुरक्षित तलाश में जुटी हुई हैं। इधर, परिवार के सदस्य दोनों की सुरक्षित वापसी की खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।