28 Aug 2026
बलिया, 28 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। बलिया पुलिस ने महिलाओं के गहने और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने के बहाने आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपित के पैर में गोली लगी है। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी के आभूषण, नकदी और बाइक बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार सुबह बताया कि बीती रात करीब 12 बजे भीमपुरा पुलिस इब्राहिम पट्टी-उद्धरन मार्ग पर स्थानीय पुलिस रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर प्रेमरजा गांव के पास पुलिस टीम ने संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख अरविन्द सोनी ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में अरविन्द के दाहिने पैर में गोली लगी।
घायल अरविन्द सोनी (42) निवासी पंचवीर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय, बिहार को उपचार के लिए सीएचसी नगरा भेजा गया। वहीं, उसके साथी पंकज सोनी (19) को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपितों ने 21 और 24 अगस्त को गांवों में घूमकर महिलाओं के गहने तथा पुराने पीतल के बर्तन साफ करने के बहाने आभूषण चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, पीली धातु के तीन आभूषण, 15,600 रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपित की हालत सामान्य बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।