27 Aug 2026
झांसी, 27 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। झांसी समेत बुंदेलखंड के आसपास के क्षेत्रों में पिछले 48 घंटे से हो रही भारी बारिश के कारण बेतवा समेत कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदियों में तेज बहाव को देखते हुए ललितपुर के राजघाट और माताटीला बांध के गेट खोल दिए गए हैं। वहीं, झांसी के सुकुवां-ढुकुवां, पारीछा, पहाड़ी, लहचूरा, बड़वार और कुरार बांधों से भी पानी की निकासी की जा रही है।
बुधवार रात तक राजघाट बांध के सात गेट खोलकर करीब 54 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। माताटीला बांध के 18 गेट करीब दो फीट की ऊंचाई तक खोलकर लगभग 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। माताटीला से पानी छोड़े जाने के बाद पारीछा और सुकुवां-ढुकुवां बांधों में भी पानी का बहाव बढ़ गया। दोनों बांधों से करीब 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा लहचूरा और पहाड़ी बांध से 42-42 हजार, कुरार से 482 और बड़वार से 120 क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है।
भारी बारिश और बांधों से पानी की निकासी के कारण पहूज, सुखनई, लखेरी और धसान नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है। हालांकि, बेतवा नदी अभी खतरे के निशान से 11.82 मीटर नीचे बह रही है। बुधवार शाम नोटघाट में बेतवा का जलस्तर 193.180 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 205 मीटर है। कालपी में यमुना का जलस्तर 97.990 मीटर रहा।
बांधों से छोड़ा गया पानी करीब तीन दिन में हमीरपुर होते हुए प्रयागराज तक पहुंचने की संभावना है। स्थिति को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर बचाव तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से नदी और बांधों के किनारे जाने से बचने की अपील की है। संवेदनशील गांवों में चेतावनी बोर्ड लगाने और नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।