28 Aug 2026
नई दिल्ली, 28 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली के लोक निवास में शुक्रवार को उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू की सुरक्षा टीम में तैनात महिला सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें राखी बांधी। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने इसे बेहद भावुक और अविस्मरणीय पल बताया।
उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिला सुरक्षा कर्मियों के स्नेहपूर्ण भाव से लोक निवास का वातावरण प्रेम, अपनत्व और खुशी से भर गया। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन हमें यह याद दिलाता है कि रिश्ते केवल व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित नहीं होते, बल्कि आपसी जुड़ाव और सामुदायिक भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा कर्मियों का यह स्नेह उनके लिए विशेष और भावुक क्षण है। यह पल हम सभी के लिए न भूलने वाला है।
उपराज्यपाल ने इस अवसर पर सभी देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और पर्व के माध्यम से आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे की भावना और मजबूत होने की कामना की।