28 Aug 2026
दौसा, 28 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार माईमाई ट्रैवल्स की स्लीपर बस गुजरात के अहमदाबाद से दिल्ली जा रही थी। गुड़लिया गांव के पास बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई घायल सड़क पर ही पड़े मिले।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। जानकारी मिलने पर कोलवा और सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कई एंबुलेंस की मदद से घायलों को दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में बस चालक सुरेंद्र सिंह राजपूत (46) निवासी सत्यनारायण नगर अमरेवाडी अहमदाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू करवाया। हादसा किस वजह से हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर बस के आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकराने की बात सामने आई है।