29 Aug 2026
देहरादून, 29 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तराखंड के चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सहिया से पहले लालपुल के पास एक टाटा टियागो कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
डायल-112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कार संख्या DL9C 8092 सड़क से लगभग 35 मीटर नीचे खाई में गिरी मिली। वाहन में तीन पुरुष और दो महिलाएं सवार थे।
एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने समन्वित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए खाई में उतरकर सभी घायलों तक पहुंच बनाई। कठिन परिस्थितियों के बीच टीम ने एक-एक कर सभी पांचों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल भेजा गया।
अधिकारियों के अनुसार हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि तीन अन्य को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
घायलों की पहचान इस प्रकार है—
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसडीआरएफ के त्वरित और समन्वित रेस्क्यू अभियान के कारण सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे किसी बड़े जानी नुकसान की आशंका टल गई।