28 Aug 2026
ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल, 28 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार चार से पांच यात्री घायल हो गए। हादसा मुनि की रेती थाना क्षेत्र के भद्रकाली मोड़ के पास उस समय हुआ, जब नीलकंठ महादेव के दर्शन कर लौट रही एक यात्री बस का ब्रेक फेल हो गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
जानकारी के अनुसार राजस्थान पंजीकरण संख्या RJ18PB1409 की 60-सीटर बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे। सभी श्रद्धालु नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन के बाद ऋषिकेश लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना सामने आई है।
दुर्घटना में बस में सवार चार से पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से राजकीय चिकित्सालय, ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के दौरान सड़क पर चल रहे स्कूटी सवार दो व्यक्ति बस की चपेट में आ गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कराने और उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस, 108 आपातकालीन सेवा और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दुर्घटनाग्रस्त बस और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया गया कि बस में कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो।
पुलिस ने बस को सड़क से हटाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।