29 Aug 2026
झाबुआ, 29 अगस्त (इंंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले अंतर्गत थांदला थाना क्षेत्र के एट लेन पहुंच मार्ग पर ग्राम बोरवा के निकट शुक्रवार रात ट्रक और पिकअप वाहन की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस भीषण अग्नि कांड में पिक अप वाहन का चालक जिंदा जल गया, जबकि ट्रक चालक मौके की नजाकत देखते हुए दुर्घटना स्थल से भाग खड़ा हुआ। हादसे की खबर मिलते ही वहां आसपास के निवासी ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, और तत्काल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड द्वारा बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, और आरंभिक कार्यवाही के बाद जांच शुरू कर दी गई।
दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार रक्षाबंधन की आधी रात थांदला थाना क्षेत्र के एट लेन पहुंच मार्ग पर ग्राम बोरवा के निकट ट्रक और पिकअप वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसमें घिरे पिक अप वाहन चालक को अपने बचाव का भी मौका नहीं मिला, और वह उस आग में जिंदा जल गया,इधर पिक अप वाहन चालक के जिंदा जलने से हुई मौत के बाद मौके की नजाकत देखते हुए ट्रक चालक वहां से भाग खड़ा हुआ। जानकारी अनुसार ट्रक एट लेन से एट लेन पहुंच मार्ग से की तरफ आ रहा था, जबकि पिक अप वाहन एट लेन की तरफ जा रहा था, तभी ग्राम बोरवा नर्सरी के करीब दोनो वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई।
थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश ने शनिवार को बताया कि दुर्घटना में मृतक की पहचान तेरू पुत्र खीमा भाबौर निवासी ग्राम मियाटी के रूप में हुई है। पुलिस जानकारी अनुसार ट्रक नागालैंड पासिंग है और वह एट लेन की तरफ से आ रहा था, जबकि पिक अप वाहन चालक खजूरी से एट लेन की तरफ जा रहा था, तभी बोरवा नर्सरी के पास यह हादसा हो गया। थांदला पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पिक अप वाहन चाल द्वारा पिक अप वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक के पैट्रोल टैंक में जा घुसा, परिणामस्वरूप दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में मृत हुए पिक अप वाहन चालक द्वारा अपने किसी रिश्तेदार से यह कहते हुए कि उसकी मां बीमार है, पिक अप वाहन को मांग कर लाया गया था, किंतु वह अपनी मां के पास नहीं पहुंच पाया, और ग्राम बोरवा नर्सरी पर भयावह हादसे का शिकार हो गया।