29 Aug 2026
बिलासपुर/रायपुर, 29 अगस्त (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया अकाउंट से गाय को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट के वायरल होने के बाद बीती रात हुए बवाल के बाद क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, की धारा 163 लागू कर दी गई है । सोशल मीडिया की पुलिस प्रशासन द्वारा निगरानी की जा रही है कड़ी नजर है। भड़काऊ या विवादित पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।पुलिस ने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह न फैलाने की अपील की है।
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि "यह शुरुआत में एक निजी मामला (निजी विवाद) था जो बाद में दो पक्षों के बीच बड़ा विवाद बन गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सुरक्षा बल लगातार पूरे इलाके में गश्त (पेट्रोलिंग) कर रहे हैं। जो भी व्यक्ति इस हिंसा में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
बिलासपुर एसएसपी रजनीश सिंह ने कहा है कि "हम स्थिति को पूरी तरह काबू में ला चुके हैं। इस मामले में सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। हमने प्रभावित क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। रात में पथराव की घटना जरूर हुई थी और कुछ लोग घायल भी हुए थे, लेकिन पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। आज सब कुछ सामान्य और ठीक है ।"
अधिकारियों ने बताया है कि पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरों के जरिए जांच में जुटी हैं। बिलासपुर के अलावा पड़ोसी जिलों मुंगेली और जांजगीर से भी भारी पुलिस बल बुलाया गया है। कोतवाली क्षेत्र में धारा 163 लागू कर जुलूस, सभा और भीड़ जुटाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनीश सिंह के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कथित तौर पर बीती आधी रात बिलासपुर में सोहेल खान नाम के एक व्यक्ति के सोशल मीडिया अकाउंट से गाय को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट के वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों और दूसरे पक्ष में भारी आक्रोश फैल गया। इसी बीच बिलासपुर के सदर बाजार के कोरोना चौक के पास सोहेल और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के एक युवक की पिटाई कर दी।जवाब में दूसरे पक्ष ने भी खपरगंज पहुंचकर सोहेल गुट के साथ मारपीट की। जब दोनों पक्ष इस मारपीट की शिकायत दर्ज कराने सिटी कोतवाली थाने पहुंचे, तो वहां बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग भी उस आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट की शिकायत करने पहुंच गए।
पुलिस जब अंदर एक पक्ष से बातचीत कर रही थी, तभी बाहर मौजूद भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। दोनों समुदाय आमने-सामने आ गए और पुलिस स्टेशन के सामने ही एक-दूसरे पर भारी पथराव शुरू कर दिया। उग्र भीड़ ने एक-दूसरे पर जलते हुए पटाखे भी फेंके, जिससे स्थिति पूरी तरह बिगड़ गई।घटना की सूचना मिलते ही एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद रहकर पुलिस अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और हालात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। विवाद और पथराव में दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है।रात भर वहां सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी रही।
पुलिस के अनुसार पथराव में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। तनाव को देखते हुए बिलासपुर जिले का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पूरी रात पेट्रोलिंग की गई। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।