29 Aug 2026
कानपुर, 29 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। कानपुर में गंगा के जलस्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन कानपुर बैराज पर पानी अभी भी चेतावनी स्तर से ऊपर बना हुआ है। बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.30 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 114.07 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से 3,70,392 क्यूसेक पानी का बहाव रहा।
पिछले दिन के मुकाबले अपस्ट्रीम जलस्तर में दो सेंटीमीटर की कमी आई है। शुक्रवार को यह 114.32 मीटर था। वहीं डाउनस्ट्रीम जलस्तर 114.11 मीटर से घटकर 114.07 मीटर हो गया। पानी के डिस्चार्ज में भी 2,238 क्यूसेक की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद बैराज पर जलस्तर चेतावनी स्तर 114 मीटर से ऊपर बना हुआ है, जबकि खतरे का निशान 115 मीटर है।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने गंगा के जलस्तर और तटवर्ती इलाकों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन की टीमें जलस्तर पर लगातार नजर रख रही हैं।
शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.790 मीटर दर्ज किया गया है। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है। वहीं हरिद्वार बैराज से 67,871 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 77,819 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
कानपुर बैराज पर खतरे के निशान 115 मीटर तक पहुंचने पर 5,44,373 क्यूसेक डिस्चार्ज निर्धारित है। फिलहाल जलस्तर में मामूली गिरावट हुई है, लेकिन चेतावनी स्तर से ऊपर पानी होने के कारण प्रशासन तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए है।