29 Aug 2026
सिरसा, 29 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिला क्षेत्र से छह तस्करों को गिरफ्तार कर किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए तस्करों की पहचान सुशील, सुखप्रीत सिंह, चंचल, मुकेश कुमार, गुरप्रीत सिंह व शमशेर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव अबूबशहर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने संदेह होने पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सुशील के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने ओढां क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार एक युवक सुखप्रीत सिंह को नौ ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए डबवाली पुलिस ने डबवाली शहर क्षेत्र से चंचल को सात ग्राम हेरोइन सहित दबोचा है।
सीआईए डबवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि युवक एक मीना बाजार क्षेत्र में हेरोइन बेचने की फिराक में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सदर थाना डबवाली पुलिस ने गांव कालुआना क्षेत्र से मुकेश व गुरप्रीत सिंह को सात ग्राम हेरोइन सहित दबोचा है। ओढां थाना पुलिस ने हेरोइन तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।