29 Aug 2026
फतेहाबाद, 29 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। शहर के साथ लगते गांव भोडियाखेड़ा निवासी किसान से क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर दो लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी आसिफ मलिक बताकर पीडि़त को व्हाट्सएप पर आईमोबाइल ऐप का लिंक भेजा। ऐप इंस्टॉल होते ही पीडि़त के क्रेडिट कार्ड से एक-एक लाख रुपए के दो ट्रांजैक्शन हो गए। शनिवार को साइबर थाना पुलिस ने 1930 पर दर्ज शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव भोडिय़ाखेड़ा निवासी दिनेश कुमार ने कहा है कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। 26 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम आसिफ मलिक बताया और कहा कि वह आईसीआईसीआई बैंक से बात कर रहा है। उसके आईसीआईसीआई बैंक क्रेडिट कार्ड पर लिमिट बढ़वाने का ऑफर आया हुआ है। अगर वह अपने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाना चाहते हैं तो व्हाट्सएप पर आईमोबाइल नाम का लिंक भेजा है, उस पर क्लिक करके ऐप को इंस्टाल करें। दिनेश ने बताया कि इसके बाद उसने लिंक पर क्लिक करके आईमोबाइल एप को इंस्टाल कर लिया। उसके बाद उसके मोबाइल पर एक-एक लाख रुपये क्रेडिट कार्ड से कटने के दो मैसेज आए। इस पर अज्ञात व्यक्ति ने उसके फोन पर आईमोबाइल एप इंस्टाल करवाकर उसके आईसीआईसीआई बैंक क्रेडिट कार्ड से कुल दो लाख रुपये हड़प लिए हैं। इसके बाद उसने इस बारे 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवाई। अब इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।