29 Aug 2026
नई दिल्ली, 29 अगस्त (एजेंसी)। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता नरेश बाल्यान से जुड़े मकोका के मामले में आरोपितों के खिलाफ आरोप तय करने पर सुनवाई टाल दी है। स्पेशल जज प्रशांत कुमार ने आरोपितों के खिलाफ आरोप तय करने पर अगली सुनवाई 18 सितंबर को करने का आदेश दिया।
सुनवाई के दौरान शनिवार को नरेश बाल्यान की ओर से कहा गया कि दलीलें रखने के लिए वकील रेबेका जॉन उपलब्ध नहीं हैं। उसके बाद कोर्ट ने आरोप तय करने पर अगली सुनवाई 18 सितंबर को करने का आदेश दिया। कोर्ट ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत 18 सितंबर तक बढ़ाने का आदेश दिया।
दिल्ली पुलिस ने 08 अगस्त को आरोप तय करने पर अपनी दलीलें पूरी कर ली थी। इस मामले में कोर्ट दो आरोपितों कपिल सांगवान और उमेद सिंह को भगोड़ा करार दे चुकी है। दिल्ली पुलिस ने 17 अप्रैल को इस मामले में छठी पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। कोर्ट ने 24 जनवरी को मनोज यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस की पांचवीं पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। कोर्ट ने मनोज यादव ऊर्फ कैरा के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के आरोपों के तहत चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। चार्जशीट में मनोज यादव को संगठित अपराध गिरोह का सदस्य बताया गया है। ये गिरोह कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू संचालित करता है। कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू फिलहाल फरार है। दिल्ली पुलिस की जांच में मनोज यादव के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों के कई एफआईआर दर्ज होने का पता चला।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का मामला 2023 का है। इसे लेकर 2023 में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है जो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहा है। वह पिछले पांच वर्षों से ब्रिटेन में रह रहा है। कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है। कपिल सांगवान को बल्लू पहलवान और भाजपा नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है। नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।